IMG-20260823-WA0031
Share News

आगरा। आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल ने शनिवार को चांदी वाली बगीची, मदिया कटरा में व्यापारियों और आम लोगों के साथ ‘फीकी चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के जरिए उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा और आम आदमी के सामने आ रही परेशानियों को उठाया।

विनय अग्रवाल ने कहा कि आपने चाय पर चर्चा तो बहुत सुनी होगी, लेकिन बढ़ती महंगाई के बीच आज व्यापारियों और आम लोगों के साथ फीकी चाय पर चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि चीनी के दाम करीब 45 रुपये प्रति किलो से बढ़कर लगभग 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने से आम आदमी की रसोई का बजट प्रभावित हुआ है। ऐसे में सुबह की चाय में भी मिठास कम करनी पड़ रही है।

IMG 20260823 WA0031

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर बहनें अपने भाइयों के लिए घेवर कैसे खरीद पाएंगी। गरीबों की मिठाई माने जाने वाला पेठा और दूसरी मिठाइयां भी महंगी होंगी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि करवा चौथ पर चीनी के करवे कैसे बनेंगे और शादियों में मिठाइयां कैसे बनेंगी। महंगाई ने त्योहारों की मिठास पर भी असर डालना शुरू कर दिया है।

अदरक, गैस, पेट्रोल और खाद्य तेल के बढ़ते दामों पर उठाए सवाल विनय अग्रवाल ने कहा कि महंगाई केवल चीनी तक सीमित नहीं है। अदरक के दाम भी करीब 400 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि गैस, पेट्रोल, खाद्य तेल और प्याज सहित रोजमर्रा की जरूरतों की कई वस्तुएं महंगी हो गई हैं। ऐसे में आम आदमी के लिए घर का बजट चलाना मुश्किल होता जा रहा है।

उन्होंने सवाल किया कि जब तेल और अन्य जरूरी सामान महंगे हो रहे हैं तो आम आदमी पकोड़े तक कैसे बनाएगा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

आम आदमी के जीवन से मिठास खत्म हो गई’
विनय अग्रवाल ने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि आम आदमी के जीवन से मिठास खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि 2027 में अखिलेश यादव की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। इसके बाद 2029 में अखिलेश यादव के प्रधानमंत्री बनने की बात कहते हुए उन्होंने दावा किया कि तभी आम आदमी के जीवन में फिर से मिठास आएगी।

व्यापारियों ने भी रखी अपनी समस्याएं
कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों ने भी बढ़ती महंगाई को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। व्यापारियों का कहना था कि कच्चे माल और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। वहीं, आम उपभोक्ताओं पर बढ़ती कीमतों का सीधा असर दिखाई दे रहा है।

विनय अग्रवाल ने कहा कि ‘फीकी चाय पर चर्चा’ का उद्देश्य किसी राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं है, बल्कि आम आदमी और व्यापारियों की परेशानियों को सामने लाना तथा सरकार का ध्यान महंगाई की ओर आकर्षित करना है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सतीश चाहर, राजेश जैसवाल, विनोद अग्रवाल, संजय अग्रवाल, शैलेश अग्रवाल, बबलू यादव, अतुल गर्ग, अजय अग्रवाल, सोमेश गुप्ता, निरमेश शर्मा, विमल वाल्मीकि, अंकित गर्ग, हिमांशु यादव, भानु प्रताप सिंह, लखन यादव, हरिओम यादव, ऋषि गुप्ता, राजीव सविता, सैफी भाई, भोला खान, जाहिद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।