Bihar News: हसनपुर बखरी के विवेक कुमार 70वीं बीपीएससी में बीडीओ पद पर चयनित, गांव में हुआ भव्य सम्मान
संवाददाता: राजेन्द्र कुमार
राजापाकर, वैशाली।
प्रखंड क्षेत्र के हसनपुर बखरी निवासी विवेक कुमार, पिता विनोद प्रसाद सिंह, का 70वीं बीपीएससी (BPSC) परीक्षा के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पद पर चयन होने से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

चयन की सूचना मिलते ही उनके पैतृक आवास पर समाजसेवी अजय मालाकार सहित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ, कलम एवं महात्मा ज्योतिराव फुले की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर हरेंद्र ठाकुर (पूर्व सैनिक), दरोगा पासवान (लोजपा नेता), अनिल राय (उपमुखिया), सुजीत कुशवाहा (शिक्षक) एवं अर्जुन पासवान (वार्ड सदस्य) सहित कई लोगों ने विवेक कुमार को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता संघर्ष, समर्पण, कड़ी मेहनत, लगन तथा माता-पिता एवं गुरुजनों के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विवेक की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और परिवार, समाज तथा पूरे प्रखंड के लिए गर्व की बात है।
वक्ताओं ने विवेक कुमार के उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
गौरतलब है कि विवेक कुमार के पिता विनोद प्रसाद सिंह गांव में ग्रामीण चिकित्सक हैं। वे पहले एक छोटी-सी दवा दुकान भी संचालित करते थे। विवेक के बड़े भाई भी यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। परिवार ने बचपन से ही बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रेरित किया।